1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. जबलपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम मोहन यादव ने की पांच बड़ी घोषणाएं

जबलपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम मोहन यादव ने की पांच बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की हैं। जबलपुर को एक वर्ष में मेट्रोपोलिटन सिटी बनाने, फर्नीचर क्लस्टर स्थापित करने, मेडिकल यूनिवर्सिटी को AIIMS स्तर पर विकसित करने, मदन महल के पास आधुनिक Zoo बनाने और सभी विधानसभा क्षेत्रों में सांदीपनि विद्यालय खोलने की योजना शामिल है।

By: Nivedita 
Updated:
जबलपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम मोहन यादव ने की पांच बड़ी घोषणाएं

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि जबलपुर को अगले एक वर्ष के भीतर मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द ड्राफ्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

फर्नीचर क्लस्टर से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने जबलपुर में फर्नीचर क्लस्टर स्थापित करने की घोषणा भी की। इस क्लस्टर के माध्यम से इमारती लकड़ी से बेहतर गुणवत्ता वाले फर्नीचर निर्माण से जुड़े उद्योगों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे स्थानीय कारीगरों और युवाओं को नई संभावनाएं मिलने की उम्मीद है।

मेडिकल यूनिवर्सिटी को बनाया जाएगा प्रदेश का प्रमुख संस्थान

जबलपुर स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी को मध्य प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के एआईएमएस (AIIMS) स्तर के संस्थान के रूप में विकसित करने की बात कही, जिससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती मिल सकेगी।

मदन महल क्षेत्र में बनेगा आधुनिक चिड़ियाघर

जबलपुर के मदन महल क्षेत्र के पास एक बड़े और सर्वसुविधायुक्त चिड़ियाघर के निर्माण की घोषणा की गई है। इस परियोजना से शहर में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही लोगों को मनोरंजन और वन्यजीवों से जुड़ी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

 

हर विधानसभा क्षेत्र में खुलेंगे सांदीपनि विद्यालय

मुख्यमंत्री ने जबलपुर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में सांदीपनि विद्यालय स्थापित करने की घोषणा की। इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

विकास योजनाओं से बदलेगी जबलपुर की तस्वीर

मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से जबलपुर में शहरी विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाएं बनने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य शहर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित केंद्र के रूप में आगे बढ़ाना है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...