जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र के मड़ाई इलाके में स्थित शराब दुकान पर दो नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े सूअरमार बम फेंककर दहशत फैला दी। घटना के समय दुकान पर मौजूद कर्मचारी बाल-बाल बच गए।
दुकान से जुड़े लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में सक्रिय कुछ असामाजिक तत्व लंबे समय से अवैध कमीशन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर दबाव बनाने और दहशत फैलाने के लिए यह हमला किया गया।
इस घटना के बाद कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि काम के दौरान उनकी जान खतरे में है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाना जरूरी है।
शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें दो नकाबपोश युवक बम फेंककर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घटना के बाद रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वैध कारोबार पर इस तरह के हमले चिंता का विषय हैं।