वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर भारत-चीन के बीच मौजूदा तनाव पर अमेरिका की भी नजर है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि चीन की आक्रामकता को रोकने का एकमात्र तरीका इसके खिलाफ खड़ा होना है। उधर, पेंटागन ने भी कहा है कि चीन साउथ चाइनी सी से लेकर भारत और भूटान की सीमा तक दावों के लिए ‘बलपूर्वक’ रणनीति का इस्तेमाल कर रहा है।
अमेरिका विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भारत चीन सीमा स्थिति पर एएनआई से कहा, ”हम इस पर करीब से नजर रख रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि शांति से समाधान निकल जाएगा। जैसा कि विदेश मंत्री माइक पॉम्पिओ ने कई बार कहा है, यह परेशान करने वाला है कि बीजिंग लगातार आक्रामक हो रहा है, घर में भी और बाहर भी।”
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा, ”ताइवान से शिनजियांग तक, दक्षिण चीन सागर से हमालय तक, साइबर स्पेस से अंतरराष्ट्रीय संगठनों तक, हम चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी से निपट रहे हैं, जो अपने ही लोगों का उत्पीड़न करना चाहती है और पड़ोसियों को धमकाती है। चीन के इन उकसावों को रोकने का एकमात्र तरीका बीजिंग के खिलाफ खड़ा होना है।”