भोपालः पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन के पीछे वाली 70 वर्ष पुरानी झुग्गी बस्ती को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई हुई। इस मामले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब भी गरीबों को हटाने की बात होती है तो इसमें सरकार, मुख्यमंत्री और प्रशासन किसी की भी संवेदनशीलता नहीं दिखती। मुख्यमंत्री निवास के पास 80 साल से यह लोग बसे हैं। मानस भवन पर एक तरह से भाजपा का कब्जा हो गया है उसको बड़ा करना है इसलिए इतने सालों के बसे हुए गरीबों को हटाना है। सब तरह के पट्टे हैं।
श्री पटवारी ने कहा कि हमारी भू राजस्व संहिता यह कहती है कि भारत का कानून कहता है कि जिस भी जगह पर 10 साल-15 साल किसी भी प्रकार के सरकारी दस्तावेज में कब्जा है। तो वह उसका मालिक माना जाएगा। ये लोग 60-70-80 साल से हैं। यह मोहन यादव की सरकार है। जो अमीरों के घर भरने वाली सरकार है।
जीतू पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास के सामने झोपड़ पट्टी नहीं होना चाहिए। इसलिए इनको हटाना यह एक तरह से अन्याय है। उन्होंने कहा कि गरीब एक दिन मुख्यमंत्री निवास पर घुसेगा। आपने गरीब के विरोध में कोर्ट से फैसला करवाया कभी गरीब के पक्ष में तो फैसला कराओ। गरीब के विरोध में ही सरकार फैसला क्यों नहीं कराती है। यह अपने आप में महसूस करता है कि अभी यहां अत्याचारियों की सरकार बैठी है। जो सिर्फ अपना घर भरना और प्रदेश को लूटना चाहती है।