नई दिल्ली: भारतीय स्टार्टअप ने 2021 की तीसरी यानी जुलाई-सितंबर तिमाही में हुए 347 सौदों के जरिये रिकॉर्ड 10.9 अरब डॉलर (82.14 हजार करोड़ रुपये) की पूंजी जुटाई है। यह आंकड़ा 2020 की समान तिमाही के मुकाबले दोगुना और 2021 की दूसरी तिमाही से 41 फीसदी ज्यादा है।
पीडब्ल्यूसी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मूल्य और मात्रा के लिहाज से सभी क्षेत्रों में पूंजी जुटाने की गतिविधियों में तेजी रही। फिनटेक, एडटेक और सॉफ्टवेयर एज ए सर्विस निवेश के तीन प्रमुख क्षेत्र हैं, जिनकी कुल पूंजी में हिस्सेदारी करीब 47 फीसदी रही। मूल्य और मात्रा के मामले में सभी क्षेत्रों में वित्त पोषण गतिविधियों में वृद्धि देखी गई।
अकेले फिनटेक क्षेत्र में 2021 की शुरुआती तीन तिमाहियों में रिकॉर्ड 4.6 अरब डॉलर का निवेश आया, जो 2020 के 1.6 अरब डॉलर से करीब तीन गुना ज्यादा है। सितंबर तिमाही में इस क्षेत्र में रिकॉर्ड 2.5 अरब डॉलर के कुल 53 सौदे हुए।
वर्ष 2021 की पहली तीन तिमाहियों में, वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र में 4.6 अरब डॉलर का निवेश दर्ज किया गया, जो कि 2020 में 1.6 अरब डॉलर से लगभग तीन गुना अधिक है।
एनसीआर और बंगलूरू में सबसे ज्यादा निवेश
रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल फंडिंग का करीब 84 फीसदी हिस्सा उन सौदों से आया है, जिन पर बातचीत आखिरी दौर में है। 1.6 अरब डॉलर के सौदे शुरुआती दौर में हैं, जिनकी औसत आकार करीब 40 लाख डॉलर है। कुल फंडिंग में ऐसे सौदों की हिस्सेदारी करीब 61 फीसदी रही। पीडब्ल्यूसी के मुताबिक, 2020 और 2021 की तीसरी तिमाही में बंगलूरू एवं एनसीआर में सबसे ज्यादा 76-78 फीसदी पूंजी आई। इसके बाद मुंबई और पुणे के स्टार्टअप ने पूंजी जुटाई।