1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भारतीय ज्ञान परंपरा हमारी पहचान, पांडुलिपियों और प्राचीन ज्ञान को संरक्षित करना जरूरी: मुख्यमंत्री योगी

भारतीय ज्ञान परंपरा हमारी पहचान, पांडुलिपियों और प्राचीन ज्ञान को संरक्षित करना जरूरी: मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर में आयोजित भारतीय ज्ञान परंपरा पर संगोष्ठी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राचीन पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों और शिलालेखों के संरक्षण व डिजिटाइजेशन पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय शिक्षा परंपरा, परा-अपर विद्या और प्राचीन ज्ञान की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

By: Nivedita 
Updated:
भारतीय ज्ञान परंपरा हमारी पहचान, पांडुलिपियों और प्राचीन ज्ञान को संरक्षित करना जरूरी: मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर। युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की स्मृति तथा पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित स्मृति व्याख्यानमाला में भारतीय ज्ञान परंपरा पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय ज्ञान परंपरा, प्राचीन पांडुलिपियों और शिक्षा के महत्व पर विस्तार से अपने विचार रखे।

हम क्या थे, क्या हैं और क्या होंगे,आओ मिलकर विचारें

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में विद्वानों और ऋषियों ने हमेशा अपने अतीत, वर्तमान और भविष्य को लेकर चिंतन किया है। भारतीय ऋषि परंपरा ने ज्ञान की इस विरासत को अलग-अलग माध्यमों से संरक्षित रखने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को भारत की ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित किया। इसके बाद प्राचीन पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों, शिलालेखों और अन्य ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य आगे बढ़ा।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में एक लाख से अधिक पांडुलिपियां

मुख्यमंत्री ने काशी स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के अपने भ्रमण का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां एक लाख से अधिक प्राचीन पांडुलिपियां एकत्रित हैं और उनके संरक्षण तथा डिजिटाइजेशन का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार का ज्ञान परिवारों, विद्वानों के घरों, प्राचीन मठों और मंदिरों में भी बिखरा हुआ हो सकता है। लंबे समय तक हम इन धरोहरों के महत्व को समझ नहीं पाए, लेकिन अब इनके संरक्षण की आवश्यकता को समाज समझ रहा है।

पांडुलिपियों में छिपा है तत्कालीन समाज का इतिहास

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा-वृंदावन, लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पांडुलिपियां, ताम्रपत्र और शिलालेख उपलब्ध हुए हैं। इनके माध्यम से तत्कालीन लिपि, मुद्रा, सामाजिक व्यवस्था और उस समय के समाज की अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होती हैं।

 

विद्या वह है जो मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करे 

भारतीय शिक्षा परंपरा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने ज्ञान को केवल अक्षर ज्ञान या भौतिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं रखा। भारतीय परंपरा में कहा गया है, विद्या सा विद्याया विमुक्तये, अर्थात विद्या वह है जो मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में विद्या को परा और अपरा दो रूपों में देखा गया है। अपरा विद्या भौतिक जगत का ज्ञान प्रदान करती है,जबकि परा विद्या मनुष्य को आध्यात्मिक और दिव्य ज्ञान की ओर ले जाती है। दोनों के समन्वय से जीवन के वास्तविक लक्ष्य की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।

ज्ञान की परंपरा के कारण विश्वगुरु कहलाता था भारत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन काल में भारत की पहचान केवल उसकी प्राकृतिक संपदा के कारण नहीं थी। भारत ‘विश्वगुरु’ अपनी समृद्ध ज्ञान परंपरा और ज्ञान की धरोहर के कारण कहलाता था। उन्होंने कहा कि आज के अनेक विकसित देशों की आधुनिक समृद्धि का इतिहास कुछ सौ वर्षों का है, जबकि भारत में हजारों वर्ष पहले से उच्च शिक्षा और ज्ञान की परंपरा मौजूद रही है। उन्होंने तक्षशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था और ज्ञान परंपरा अत्यंत प्राचीन और समृद्ध रही है, साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की इस गौरवशाली ज्ञान परंपरा को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना आज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित संतों, विद्वानों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...