बुरहानपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। महिलाओं की शिकायत के बाद विभाग की टीम ने सीवल, साईंखेड़ा और हैदरपुर क्षेत्र में एक साथ 17 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश गौर के नेतृत्व में टीम ने सीवल के इंद्रानगर, बंजारवाड़ी और राठयावाड़ी के अलावा साईंखेड़ा के इंद्रानगर, भील मोहल्ला और टांडा सहित हैदरपुर क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने संदिग्ध ठिकानों की जांच करते हुए अवैध रूप से शराब रखने और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
दबिश के दौरान आबकारी विभाग ने करीब 15 लीटर कच्ची हाथ भट्टी से बनी शराब और 43 पाव देशी शराब बरामद की। जब्त शराब को कब्जे में लेकर पांच आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।

बताया गया कि संबंधित इलाकों में अवैध शराब की गतिविधियों को लेकर स्थानीय महिलाओं ने शिकायतें की थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने चिन्हित क्षेत्रों में कार्रवाई की। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आबकारी विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण, भंडारण या बिक्री होने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना विभाग को दें। अधिकारियों के अनुसार अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई में स्थानीय लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण है।