नई दिल्ली : जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में 17 नवंबर को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टी-20 मैच को लेकर खेल प्रेमियों के बीच लंबा इंतजार खत्म हो गया है। गृह विभाग ने में दर्शकों की मौजूदगी की अनुमति दे दी है। कोरोना गाइडलाइन के तहत दर्शकों को मैदान में प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान कोरोना वैक्सीन की एक डोज लगवाने वाला व्यक्ति मैदान में बैठकर भारत-न्यूजीलैंड का मैच देख सकेगा।
सरकार ने कोरोना की नई गाइडलाइन से तहत दर्शकों की मौजूदगी में मैच कराने की स्वीकृति दे दी है। ऐसे में गुरुवार से पेटीएम पर ऑनलाइन टिकट की बिक्री शुरू हो जाएगी। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव महेंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार से अनुमति मिलने के बाद अब जल्द ही टिकट बिक्री शुरू की जाएगी। इसके लिए ऑफलाइन काउंटर के साथ ही ऑनलाइन बिक्री भी शुरू करेंगे। शर्मा ने कहा कि सवाई मानसिंह स्टेडियम में 28 हजार से ज्यादा दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है।
SMS स्टेडियम में मैदान और पिच के साथ दर्शकों के बैठने की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। ताकि दर्शक आराम से मैच का लुत्फ उठा सके। आरसीए सचिव महेंद्र शर्मा ने बताया कि मैच के दौरान RTPCR टेस्ट या फिर वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट वाले दर्शकों को ही स्टेडियम में मैच देखने की अनुमति दी जाएगी।
40 से 100% तक महंगे होंगे टिकट
8 साल बाद जयपुर में होने जा रहे इंटरनेशनल मैच में इस बार दर्शकों को मैदान में मैच देखने के लिए ज्यादा रकम देनी पड़ सकती है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार इस बार टिकट की दरों में 40 से 100% तक बढ़ोतरी की जा सकती है। ऐसे में 500 रुपए के स्टैंड का टिकट इस बार बढ़कर 1000 रुपए का हो सकता है। वहीं 1500 रुपए के टिकट की कीमत बढ़कर 2000 से 2500 रुपए तक जा सकती है। ऐसे में इस बार हर कैटेगरी के टिकट की कीमत बढ़ सकती है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट टीम का कोच नियुक्त किया है। ऐसे में बतौर कोच राहुल द्रविड़ की पहली परीक्षा जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में होगी। जहां भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड से मुकाबला करेगी।
वहीं, विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद जयपुर के SMS स्टेडियम में ही भारतीय टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में पहला मुकाबला खेलेगी। ऐसे में सवाई मानसिंह स्टेडियम में 8 साल बाद होने जा रहा क्रिकेट मैच शुरू होने से पहले ही कई मायनों में काफी खास बन गया है।