मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा से जुड़ी अच्छी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) एक बार फिर भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करने जा रहा है। इस विशेष ट्रेन के जरिए यात्रियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
आईआरसीटीसी के अनुसार, भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन 15 सितंबर 2026 को इंदौर से किया जाएगा। यह ट्रेन मध्य प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जहां से यात्री इस धार्मिक यात्रा में शामिल हो सकेंगे। ट्रेन का रूट इंदौर से शुरू होकर उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और अनूपपुर होते हुए निर्धारित किया गया है।
इस विशेष धार्मिक यात्रा की अवधि 10 रात और 11 दिनों की होगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और अयोध्या में प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में अयोध्या में रामलला के दर्शन के साथ अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी शामिल रहेगा।

आईआरसीटीसी ने इस यात्रा को सर्व-समावेशी टूर पैकेज के रूप में तैयार किया है। इसमें यात्रियों को रेल यात्रा, भोजन, ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, टूर एस्कॉर्ट, यात्रा बीमा, सुरक्षा और हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यात्रा के लिए किराया श्रेणी के आधार पर निर्धारित किया गया है। स्लीपर श्रेणी के लिए प्रति व्यक्ति किराया 19,600 रुपये, थ्री एसी के लिए 31,850 रुपये और टू एसी के लिए 41,900 रुपये तय किया गया है।
जो श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा में शामिल होना चाहते हैं, वे आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत एजेंटों के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। भारत गौरव पर्यटक ट्रेन धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगी।