लखनऊ : नाराज किसान और अधूरी तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश में सरकारी धान की खरीद शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी पर ही करीब चार हजार क्रय केंद्रों पर धान खरीदा जाएगा।
इस सीजन में 55 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभी तक 28 लाख क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। पिछले साल केवल 7लाख क्विंटल धान खरीदा गया था।
सीएम योगी ने कड़ी हितायत दी है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी से कम पर सरकारी धान नहीं खरीदा जाए। क्रय केंद्रों पर किसानों को कोई असुविधा न होने के सख्त निर्देश देने के साथ ही कृषक उत्पादक संगठन एफपीओ व कृषक उत्पादक कंपनी एफपीसी के जरिये खरीद कार्य में किसानों की भागीदारी को बढ़ावा देने की रणनीति भी अपनाई जा रही है।
सरकार एजेंसियों के अलावा कृषक उत्पादक संगठनों के जरिए भी धान की खरीद करायी जा सकती है। एक अक्टूबर से 31 जनवरी 2021 तक सहारनपुर, आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़, झांसी मंडलों के अलावा हरदोई, लखीमपुर व सीतापुर जिलों में धान खरीद शुरू हो गई है।
इसी क्रम में एक नवंबर से 28 फरवरी 2021 तक पूर्वी क्षेत्र के कानपुर, अयोध्या, देवीपाटन, बस्ती, गोरखपुर , प्रयागराज, वाराणासी व आजमगढ़ मंडलों के अलावा लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव चित्रकूट में खरीद कार्य किया जाएगा।