विदिशा के बड़े बाजार में आयोजित स्ट्रीट वेंडर कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्ट्रीट वेंडरों से मुलाकात कर पीएम स्वनिधि योजना की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं गन्ने की मशीन चलाकर जूस निकाला और वेंडरों के साथ बातचीत की।
केंद्रीय मंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत लाभ प्राप्त कर रहे वेंडरों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और अनुभव जाने। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र वेंडर इस योजना के लाभ से वंचित न रहे और अधिक से अधिक लोगों तक इसका फायदा पहुंचे।

मीडिया से बातचीत के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि विदिशा में कैंसर मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला अस्पताल में विशेष कैंसर यूनिट शुरू की जा रही है, जिससे मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके और उन्हें बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता न पड़े।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे स्वयं योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए फील्ड विजिट कर रहे हैं, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ सही तरीके से आम जनता तक पहुंच सके और जरूरतमंदों को उनका अधिकार मिल सके।