विदिशा के वार्ड नंबर 33 स्थित सांवलिया सेठ कॉलोनी और करैयाखेड़ा रोड क्षेत्र में पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन अब तक जल सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है।
कॉलोनी के रहवासी फिलहाल पूरी तरह पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं, लेकिन पिछले दो दिनों से टैंकर भी क्षेत्र में नहीं पहुंचा। इसके कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कॉलोनी में बड़ी संख्या में मजदूर वर्ग के परिवार रहते हैं। पानी की व्यवस्था करने के लिए लोगों को अपना काम छोड़ना पड़ रहा है, जिससे उनकी रोजमर्रा की आय भी प्रभावित हो रही है।
रहवासियों ने वार्ड पार्षद को समस्या से अवगत कराया और इस मुद्दे को लेकर बैठक भी आयोजित की गई। हालांकि शाम तक टैंकर नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी बनी रही।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पाइपलाइन के जरिए पानी की सप्लाई शुरू की जाए और तब तक नियमित रूप से टैंकर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।