विदिशा जिले के सिरोंज में स्थित नई सब्जी मंडी की बदहाल स्थिति को लेकर विधायक उमाकांत शर्मा ने कड़ा विरोध जताया। शुक्रवार शाम किसी ग्रामीण की सूचना पर वे मंडी पहुंचे, जहां चारों ओर फैली गंदगी और अव्यवस्था देखकर वे नाराज हो गए।
मंडी की स्थिति से आक्रोशित विधायक उमाकांत शर्मा विरोध स्वरूप कचरे के ढेर पर ही बैठ गए और तत्काल नगरपालिका प्रशासन, तहसीलदार एवं पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाया। अधिकारियों के पहुंचने पर उन्होंने पूरी मंडी का निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं को दिखाया।
विधायक ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए की लागत से बनी सीसी सड़क और दुकानों के बावजूद मंडी में व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हुई है। आढ़तियों द्वारा दुकानों के आसपास खाली जगह पर कब्जा कर गोदाम बना लिए गए हैं, वहीं नीलामी शेड में भी अवैध रूप से माल भरा पाया गया।
अतिक्रमण के कारण छोटे दुकानदारों को जगह नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें नालियों और गंदगी के बीच बैठकर व्यापार करना पड़ रहा है। इससे न केवल उनका सामान खराब हो रहा है, बल्कि ग्राहकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक उमाकांत शर्मा ने अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने, अतिक्रमण हटाने और किसानों एवं छोटे व्यापारियों के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था सुधारना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।