1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. दिशा समिति की बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

दिशा समिति की बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

बुरहानपुर में आयोजित दिशा समिति की बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य, लोक निर्माण, उद्यानिकी और चना खरीदी से जुड़े मामलों की जांच कराने के आदेश भी दिए गए।

By: Nivedita 
Updated:
दिशा समिति की बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

बुरहानपुर। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि जनहित और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, ग्रामीण विकास, पेयजल, नगर निगम और विद्युत विभाग सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना भी की।

अनुपस्थित अधिकारियों पर जताई नाराजगी

बैठक में कुछ विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर को निर्देश दिए कि बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अनुपस्थिति का भी संज्ञान लिया गया।

अधूरी जानकारी देने पर फटकार

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान विभागीय जानकारी संतोषजनक नहीं मिलने पर सांसद ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तथ्यात्मक एवं पूर्ण जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

किसानों से जुड़े कार्यों की होगी तकनीकी जांच

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में पॉली हाउस निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठे। सांसद ने शिकायतों के आधार पर तकनीकी जांच कराने और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

 

स्वास्थ्य विभाग और आउटसोर्स भर्ती की होगी जांच

जिला अस्पताल परिसर में शासकीय आवासों के आवंटन और आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठे। सांसद ने जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित कर सात दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

चना खरीदी मामले की भी होगी जांच

बैठक में तुकईथड़ चना खरीदी केंद्र से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले पर भी चर्चा हुई। सांसद ने खरीदी प्रक्रिया की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

विधायक ने भी उठाए विकास कार्यों के मुद्दे

नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने विधानसभा क्षेत्र की सड़कें, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और लंबित विकास परियोजनाओं के मुद्दे उठाए। उन्होंने समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं महापौर माधुरी पटेल ने शहर में सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। बैठक में जिला कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट – राजू सिंह राठौड़ 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...