श्योपुर: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर में भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी सौरभ जादौन ने अपनी मांगों को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन पर लगातार अनदेखी का आरोप लगाते हुए वह नगर परिषद की पानी की टंकी पर चढ़ गए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
सौरभ जादौन का कहना है कि उन्होंने अपनी मांगों को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी के विरोध में उन्होंने टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया।
भाजपा नेता ने प्रशासन के सामने दो प्रमुख मांगें रखीं—
विजयपुर के बीच बाजार में संचालित मीट मार्केट को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
नगर में जल्द से जल्द शव वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अंतिम संस्कार के दौरान परेशानियों का सामना न करना पड़े।
भाजपा नेता के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक समझाइश का दौर चला। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता ने कहा कि उनकी मांगें आम जनता से जुड़ी हैं और प्रशासन को इन्हें गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करना चाहिए। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।