पन्ना, मध्य प्रदेश: जिले में अवैध और मिलावटी शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहनगर एसडीएम एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) राम निवास चौधरी ने शराब दुकान का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई कलेक्टर पन्ना श्रीमती ऊषा परमार के निर्देश पर की गई।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम राम निवास चौधरी के साथ आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय मौजूद रहे। अधिकारियों ने शराब दुकान की व्यवस्थाओं के साथ बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। इस दौरान दुकान का लाइसेंस, नौकरनामा, मदिरा परिवहन परमिट सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन किया गया।
अधिकारियों ने दुकान में उपलब्ध शराब के स्टॉक का मौके पर भौतिक सत्यापन भी किया। बोतलों पर लगे ईएएल यानी Excise Adhesive Label को स्कैन कर उसके विवरण का परिवहन परमिट में दर्ज जानकारी से मिलान किया गया।जांच के दौरान दुकान पर पाई गई सामान्य अनियमितताओं को लेकर मौके पर पंचनामा तैयार किया गया और लाइसेंसी को आरोप पत्र जारी किया गया।

एसडीएम शाहनगर ने आबकारी उपनिरीक्षक को क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब से जुड़े मामलों में जरूरत पड़ने पर पुलिस विभाग का सहयोग लेकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिले में अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ निगरानी बढ़ाने के लिए राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
एसडीएम राम निवास चौधरी ने शराब का सेवन करने वाले लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि नकली या मिलावटी शराब का सेवन न करें और शराब खरीदने के लिए केवल शासन द्वारा अधिकृत दुकानों का ही उपयोग करें। प्रशासन की ओर से अवैध एवं मिलावटी शराब की बिक्री को लेकर लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।