1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. पन्ना में स्वास्थ्य कर्मचारी के घर 4.80 लाख की चोरी का खुलासा, 500 CCTV कैमरों की मदद से अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा

पन्ना में स्वास्थ्य कर्मचारी के घर 4.80 लाख की चोरी का खुलासा, 500 CCTV कैमरों की मदद से अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा

पन्ना पुलिस ने स्वास्थ्य कर्मचारी के घर हुई 4.80 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 500 CCTV कैमरों और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और नकदी, आभूषण व कार बरामद की।

By: Nivedita 
Updated:
पन्ना में स्वास्थ्य कर्मचारी के घर 4.80 लाख की चोरी का खुलासा, 500 CCTV कैमरों की मदद से अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा

पन्ना। जिले के आगरा मोहल्ले में स्वास्थ्य कर्मचारी के सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पन्ना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।

दिनदहाड़े हुई थी 4.80 लाख रुपये की चोरी

जानकारी के अनुसार, 26 जून को आगरा मोहल्ला निवासी स्वास्थ्य कर्मचारी कृष्ण कुमार साहू के घर में चोरी की वारदात हुई थी। चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 4.80 लाख रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

500 CCTV कैमरों की जांच से मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों की गतिविधियों तक पहुंचने के लिए करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही वैज्ञानिक तकनीक और रूट मैपिंग की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।

पंजाब और सागर में दबिश देकर पकड़े आरोपी

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पंजाब के लुधियाना और मध्यप्रदेश के सागर जिले के गढ़ाकोटा क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

साजन पासी, जसबीर सिंह, राजू पटेल के रूप में हुई है। वहीं हरियाणा निवासी शिवकुमार झा अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

 

आरोपियों से कार, नकदी और आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में उपयोग की गई फोर्ड फिगो कार, करीब 70,500 रुपये नकद और चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद सामान और अन्य घटनाओं के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर हैं और इनके खिलाफ मध्यप्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में चोरी, एटीएम धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस अब पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है। फरार आरोपी शिवकुमार झा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

 

रिपोर्ट – राजेश रावत

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...