1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में संत रविदास जयंती पर गूंजा समरसता का संदेश, 14 जिलों के लिए रवाना हुए पावन माटी कलश

दिल्ली में संत रविदास जयंती पर गूंजा समरसता का संदेश, 14 जिलों के लिए रवाना हुए पावन माटी कलश

दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर ‘पावन माटी कलश वंदन एवं वितरण’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलशों को दिल्ली के सभी 14 जिलों के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया गया।

By: Nivedita 
Updated:
दिल्ली में संत रविदास जयंती पर गूंजा समरसता का संदेश, 14 जिलों के लिए रवाना हुए पावन माटी कलश

नई दिल्ली, 24 अगस्त। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली में सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देने वाला विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। तालकटोरा स्टेडियम में हुए ‘पावन माटी कलश वंदन एवं वितरण’ कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा समेत कई संत-महात्मा और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

14 जिलों के लिए रवाना किए गए पावन माटी कलश

कार्यक्रम के बाद वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी से भरे कलशों को दिल्ली के सभी 14 जिलों तक पहुंचाने के लिए वाहनों को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन कलशों को जिलों, मंडलों और विभिन्न स्थानों तक ले जाकर संत रविदास महाराज के समानता और सामाजिक समरसता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने की योजना है।

गुरु रविदास के विचारों को जीवन में उतारने की अपील

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि संत रविदास महाराज ने भेदभाव और सामाजिक असमानता के दौर में समाज को समानता, मानव सम्मान और भाईचारे की राह दिखाई। उन्होंने कहा कि संत रविदास की शिक्षाओं को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संत परंपरा ने कठिन परिस्थितियों में समाज को एकजुट करने और सही दिशा दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गुरु रविदास की वाणी भी लोगों को अपने मूल्यों और संस्कृति के प्रति दृढ़ रहने की प्रेरणा देती है।

अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और अवसर पहुंचाने पर जोर

नितिन नवीन ने कहा कि संत रविदास की सोच में समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान और समान अवसर की भावना प्रमुख थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी सामाजिक समरसता और अंत्योदय की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने ‘समरसता संकल्प अभियान’ को संत रविदास के विचारों को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाने का माध्यम बताया और कहा कि यह अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

हर घर तक पहुंचेगा संत रविदास का संदेश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी को दिल्ली के घर-घर और बस्ती-बस्ती तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पावन माटी कलश केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और सामाजिक एकता के संकल्प का माध्यम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की शिक्षा समाज में किसी को छोटा-बड़ा मानने के बजाय सभी को समान अवसर और सम्मान देने की प्रेरणा देती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कलश यात्रा के माध्यम से संत रविदास के विचार दिल्ली के प्रत्येक जिले तक पहुंचेंगे।

सभी 14 जिलों में चलेगा समरसता अभियान

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने भक्ति के साथ कर्म, करुणा, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि वाराणसी से शुरू हुए पावन माटी कलश अभियान के तहत दिल्ली के सभी 14 जिलों को कलश सौंपे जा रहे हैं। इन्हें आगे मंडलों और मंदिरों तक ले जाकर समाज के विभिन्न वर्गों तक संत रविदास का संदेश पहुंचाया जाएगा।

भक्ति, कर्म और मानवता को बनाया जाएगा अभियान का आधार

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पवित्र मिट्टी को अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाना नहीं है, बल्कि संत रविदास के विचारों को लोगों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है। उन्होंने कहा कि भक्ति, कर्म, मानवता और सामाजिक समरसता के सिद्धांतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में संत-महात्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मोहन लाल गिहारा ने किया।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...