दमोह। गणेश पर्व को देखते हुए प्रशासन ने विसर्जन स्थलों की तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। गुरुवार को दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और एसपी आनंद कलादगी ने शहर के प्रमुख तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर और एसपी ने शहर के फुटेरा तालाब, बेलाताल और पुरेना तालाब सहित प्रमुख गणेश विसर्जन स्थलों का दौरा किया। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जरूरी तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जहां भी गंदगी या अन्य कमियां मिलीं, उन्हें समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पहुंच मार्ग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। इसके अलावा कुछ स्थानों पर बिजली के तार नीचे पाए जाने की स्थिति में उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिट्टी की प्रतिमाओं का विसर्जन आसानी से किया जा सकता है और इससे जलस्रोतों के प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणेश विसर्जन से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। विसर्जन स्थलों पर स्वच्छता, आवागमन, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराना है।