छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर छिंदवाड़ा में 2 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत “स्वच्छता ही सेवा, सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ फव्वारा चौक से हुआ, जो 10 अक्टूबर तक जिलेभर में विभिन्न गतिविधियों के साथ जारी रहेगा।
अभियान के दौरान जिला, विकासखंड और नगरीय निकाय स्तर पर विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त परिसर सहित कई गतिविधियों के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत अनगढ़ हनुमान मंदिर से अमित ठेंगे चौक होते हुए मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के सामने तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और साफ-सुथरे वातावरण के महत्व का संदेश दिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव, जिला कलेक्टर हरेन्द्र नारायण सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।