केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह साल 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के संगठनात्मक मामलों का जायजा लेने के लिए 5 नवंबर से पश्चिम बंगाल की दो दिवसीय यात्रा करेंगे।
इस बीच पहले वह पार्टी संगठन का जायजा लेने के लिए बांकुरा और कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसकी जानकारी बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने मंगलवार को दी। कोरोना के प्रकोप के बाद से शाह का यह राज्य का पहला दौरा होगा। उन्होंने पिछली बार एक मार्च को राज्य का दौरा किया था।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि शाह बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष मुकुल रॉय और प्रदेश प्रमुख दिलीप घोष के साथ बूथ और जिला स्तर के नेताओं और विभिन्न सामाजिक समूहों के साथ बातचीत करेंगे।
प्रदेश बीजेपी नेता ‘‘कानून का शासन नहीं होने’’ का हवाला देते हुए बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग कर रहे हैं। शाह का यह दौरा प्रदेश भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव के बाद होगा।
इसके महासचिव (संगठन) सुब्रत चट्टोपाध्याय को हटा दिया गया था और उनके कनिष्ठ अमिताभ चक्रवर्ती को केंद्रीय नेतृत्व की ओर से उस पद पर नियुक्त किया गया था। बंगाल में विधानसभा चुनाव 2021 अप्रैल-मई में होने की संभावना है।
यह बीजेपी के लिए महत्त्वपूर्ण होगा क्योंकि वह राज्य की राजनीति में अपनी बढ़ती प्रमुखता को भुनाने की कोशिश करेगी, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश करेंगी।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ राज्य में ‘बिगड़ती’ कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की लगातार आलोचना करते रहे हैं। पश्चिम बंगाल के बीजेपी नेता राज्य में कानून व्यवस्था खराब होने का हवाला देते हुए राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग भी कर रहे हैं।
धनखड़ ने एक दिन पहले ही नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की और राज्य के मामलों को लेकर चर्चा की। बीजेपी के प्रदेश महासचिव सायंतन बसु ने कहा कि शाह चार नवंबर की रात में कोलकाता पहुंचेंगे।
वह अगले दिन बांकुरा जाएंगे और पूर्वी एवं पश्चिम मिदनापुर, बीरभूम, पुरुलिया और बांकुरा जिलों के बीजेपी नेताओं के साथ एक संगठनात्मक बैठक करेंगे। बसु ने कहा, ‘‘वह शाम को कोलकाता लौटेंगे।
छह नवंबर को वह दक्षिणेश्वर काली मंदिर जाएंगे और शास्त्रीय गायक पंडित अजय चक्रवर्ती से मुलाकात करेंगे। बाद में, वह राज्य के बीजेपी नेताओं के साथ बैठक करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि शाह के बांकुरा और कोलकाता में बीजेपी कार्यकर्ताओं के घर पर दोपहर का भोजन करने की भी संभावना है।