रिपोर्ट: नंदनी तोदी
मथुरा: भव्य राम मंदिर निर्माण कार्य में दिन प्रतिदिन कोई न कोई रुकावट आ रहीं है। अब एक बार फिर भव्य राम मंदिर को लेकर बहस छिड़ गई है।
दरअसल, मथुरा के लंकेश भक्त मंडल ने अयोध्या में बनने वाले भव्य श्रीराम के मंदिर में दशानन रावण की भव्य प्रतिमा लगाए जाने की मांग उठाई है। इसे लेकर संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष को पत्र भी लिखा है। आपको बता दें, लंकेश भक्त मंडल भव्य प्रतिमा लगाने के लिए भी अलग से दान देंगे। इस पर लंकेश भक्त मंडल के पदाधिकारियों ने गुरुवार को बैठक कर चर्चा की है।
आपको बता दें, लंकेश भक्त मंडल के अध्यक्ष ओमवीर सारस्वत एडवोकेट ने पत्र में लिखा है कि लंका पर विजय प्राप्त करने से पूर्व भगवान श्रीराम ने सेतु बंधु रामेश्वरम पर महाराज दशानन से महादेव की पूजा कराई थी। उस समय भगवान श्रीराम की ओर से जामवंत लंका गए थे उन्होंने प्रभु राम की ओर से लंकेश को आचार्य बनने के निमंत्रण को लंकेश ने स्वीकार किया था। जानकीजी को साथ लाकर रामजी से युद्ध में विजय प्राप्त करने की पूजा-अर्चना रामेश्वरम में दशानन ने कराई थी।
उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के बनाए जा रहे अद्भुत मंदिर में अब भगवान श्रीराम के आचार्य दशानन की भी उसी तरह से भव्य प्रतिमा अयोध्या में लगे। जिस तरह से भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा लगने जा रही है।
उन्होंने कहा है कि सभी लंकेश भक्त राम मंदिर निर्माण में अपना दान देने के साथ-साथ लंकेश की भव्य प्रतिमा के लिए भी दान देंगे।