रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: कोरोना महामारी के दूसरे लहर ने कहर मचा दिया है, देश में लोग ऑक्सीजन और दवाईयों के बिना दम तोड़ रहे हैं। देश में मचे हाहाकर से दुनिया के कई देश मदद को आगे आयें हैं। महामारी को मात देने के लिए शुक्रवार को उत्तरी आयरलैंड के बेलफास्ट से तीन 18 टन के ऑक्सीजन जेनरेटर और एक हजार वेंटिलेटर के साथ दुनिया के सबसे बड़े मालवाहक विमान ने उड़ान भरी है। इस बात की जानकारी ब्रिटिश सरकार ने यह दी है।

आपको बता दें कि विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) ने जानकारी दी है कि हवाईअड्डे के कर्मियों ने रातभर कड़ी मेहनत करते हुए विशालकाय एंटोनाव 124 विमान में जीवन रक्षक दवाओं के साथ भारत के लिए उड़ान भरी है। विमान से आ रही मदद में FCDO ने ही कोष प्रदान किया है। एफसीडीओ के अनुसार विमान के रविवार सुबह आठ बजे दिल्ली पहुंचने का अनुमान है। भारतीय रेडक्रास की मदद से यहां से इस आपूर्ति को अस्पतालों तक पहुंचाया जाएगा।

यूके द्वारा भेजा जाने वाला तीनों ऑक्सीजन जेनरेटर में से प्रत्येक प्रति मिनट 500 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन कर सकता है। विमान में जरूरी उपकरणों को लादे जाने के दौरान उत्तरी आयरलैंड के स्वास्थ्य मंत्री रोबिन स्वान बेलफास्ट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम हरसंभव मदद और समर्थन प्रदान करे।
महामारी को मात देने के लिए अमेरिका,रुस,सिंगापुर, जैसे कई दिग्गज देश भारत की मदद को आगे आये हैं।