नई दिल्ली: चारा घोटाले में सजा काट रहे आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें रांची से एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया है। दरअसल, लालू पिछले ढाई साल से रिम्स में इलाज कर रहे हैं।

इन बीमारियों से परेशान है लालू यादव
लालू की हेल्थ रिपोर्ट के मुताबकि, उनको 1.डाइबिटीज, 2. ब्लड प्रेशर, 3. हृदय रोग, 4. प्रोस्टेट का बढ़ना, 5. यूरिक एसिड का बढ़ना, 6. किडनी की मारी, 7. किडनी में स्टोन, 8. थैलीसीमिया (रक्त से संबंधित बीमारी), 9. ब्रेन से सम्बंधित बीमारी, 10.दाहिने कंधे की हड्डी में दिक्कत,11. पैर की हड्डी की समस्या, 12. आंख में दिक्कत, 13 POST AVR जैसी बीमारियों से ग्रस्त हैं।

रांची के रिम्स (RIMS) अस्पताल से दिल्ली के एम्स (Delhi AIIMS) में शिफ्ट हुए लालू प्रसाद को कई बीमारियों के संक्रमण का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य का हाल डॉ राकेश यादव और उनकी टीम ने लिया। डॉक्टरों की प्राथमिकता लालू के फेफड़ों के संक्रमण को ठीक करना है। डॉक्टरों की टीम चाहती है कि लालू का निमोनिया पहले ठीक हो जाए, क्योंकि लालू प्रसाद यादव पहले भी बाईपास सर्जरी करा चुके हैं।

डॉक्टरों को यह खतरा सता रहा है कि फेफड़ों पर लंबे वक्त तक संक्रमण रहने से इसका असर लालू प्रसाद यादव के हार्ट पर भी पड़ सकता है। मालूम हो कि लालू प्रसाद यादव की किडनी पहले से ही खराब है और वो महज 25 फ़ीसदी काम कर रही है। लालू प्रसाद यादव कई अन्य बीमारियों से ग्रसित हैं, ऐसे में डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर फिलहाल नजर बनाए हुए हैं।
इस बीच, राजद के नेता और कार्यकर्ता लालू प्रसाद का हाल जानने के लिए दिल्ली के एम्स में जुटने लगे हैं। इससे अस्पताल में गैरजरूरी भीड़ भी बढ़ने लगी है। इन स्थितियों को देखते हुए लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से गुजारिश की है कि वे एम्स में भीड़ न लगाएं, बल्कि वे जहां भी हैं, वहीं से उनके पिता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें।