1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. ब्रिटेन में कोरोना के नए टाइप को लेकर बोले स्वास्थ्य मंत्री: सरकार अलर्ट है, घबराने की ज़रूरत नहीं

ब्रिटेन में कोरोना के नए टाइप को लेकर बोले स्वास्थ्य मंत्री: सरकार अलर्ट है, घबराने की ज़रूरत नहीं

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
ब्रिटेन में कोरोना के नए टाइप को लेकर बोले स्वास्थ्य मंत्री: सरकार अलर्ट है, घबराने की ज़रूरत नहीं

ब्रिटेन में कोरोनावायरस का नया वेरिएंट सामने आने के बाद एक बार फिर से दुनियाभर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ब्रिटेन में वायरस का नया प्रकार तेजी से फैल रहा है। ब्रिटेन में लॉकडाउन और कई दूसरे देशों में ट्रैवल बैन का सिलसिला शुरू होने के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि भारत में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार इस नए टाइप के खतरे को लेकर अलर्ट है।

स्वास्थ्य मंत्री ने सोमवार को भारत विज्ञान महोत्सव के दौरान मीडिया से वायरस के नए टाइप को लेकर उठे सवालों पर कहा कि ‘सरकार हर बात के लिए पूरी तरह सजग है और जैसे पिछले 1 साल में आपने देखा कि सरकार ने जरूरत के अनुसार जनता के हितों की रक्षा करने के लिए जो भी जरूरी था, वह सब किया। वो सारी चीजें सरकार देख रही है लेकिन अभी अगर आप मुझसे पूछें तो इतना पैनिक करने का कोई कारण नहीं है।’

कोरोना का नया स्ट्रेन मिलने और संक्रमण के मामलों में तेजी आने से चिंता में पड़े स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को ज्वाइंट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक बुलाई है रविवार को ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि यह नया स्ट्रेन संक्रमण के मामले में ‘नियंत्रण से बाहर है।’

आप को बता दे कि इस बीच, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों को तत्काल बैन करने का सोमवार को आग्रह किया। केजरीवाल ने ट्वीट में कहा, “ब्रिटेन (UK) में कोरोना वायरस का नया प्रकार सामने आया है, जो कि एक सुपर-स्प्रेडर है। मैं केंद्र सरकार से आग्रह करता हूं कि ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों पर तत्काल रोक लगाई जाए।”

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के अलावा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने भी ब्रिटेन की उड़ानों को बंद करने का आग्रह किया है।

बता दें कि कोविड के नए स्ट्रेन को लेकर दुनियाभर में खलबली मची हुई है। ब्रिटेन ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया है जबकि कई देशों ने ब्रिटेन से विमान सेवा पर रोक लगा दी है।

वही पीएम बोरिस जॉनसन ने इंग्लैंड के कई हिस्सों में वायरस के नए स्ट्रेन के मिलने की पुष्टि की थी। पिछले कुछ वक्त में ब्रिटेन में कोरोना के मामले भी तेजी से बढ़े हैं, जिसके बाद लगभग 31 फीसदी जनता फिर से लॉकडाउन में चली गई है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...