हाथरस कांड : चार संदिग्धों की सोमवार रात गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियों ने मथुरा में डेरा डाला
हाथरस कांड के पीछे जातीय हिंसा की साजिश होने की आशंका के बीच मथुरा जिले से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि दिल्ली से हाथरस जा रहे चार युवक सोमवार को मथुरा से पकड़े गए। इन लोगों के संबंध पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से हैं। पुलिस जांच कर रही है।
हाथरस कांड के बाद जातीय हिंसा की साजिश होने की आशंका पर प्रदेशभर में अलर्ट है। अस्थिरता फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस बीच मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे के मांट टोल पर और राया में भी हर व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों का शांतिभंग में चालान किया जा रहा है।
सोमवार दोपहर के पुलिस ने ऐसे चार लोगों को पकड़ा है। इनमें से एक व्यक्ति का नाम अतीकुर्रहमान है। पुलिस इस व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि उक्त व्यक्ति हाथरस पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा था। जबकि इसका वहां पर कोई आधार और संगठन भी नहीं बताया जा रहा है। एसपी देहात श्रीश चंन्द्र ने बताया कि हम सभी लोगों से पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि चार संदिग्धों की सोमवार रात गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियों ने मथुरा में डेरा डाल दिया है। मथुरा पुलिस प्रशासन के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद सोमवार रात 12 बजे ही एटीएस, आईबी और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीमें यमुना एक्सप्रेसवे की मांट टोल चौकी पर पहुंच गईं और चारों संदिग्धों से गहन पूछताछ की। बरामद लैपटॉप और छह मोबाइलों से डिटेल भी खंगाली गईं। मंगलवार को भी टीमें मथुरा पुलिस के साथ जांच में जुटी रहीं। टीमें सभी जानकारियां दिल्ली और लखनऊ में बैठे अपने अधिकारियों तक पहुंचा रही हैं।
सोमवार दोपहर मथुरा पुलिस को जानकारी मिली कि स्विफ्ट कार में सवार होकर कुछ लोग मांट टोल प्लाजा से होकर दिल्ली से हाथरस जा रहे हैं।
इन लोगों के पास हथियार भी हैं। इसके बाद मांट टोल चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिरोही और मांट थाना प्रभारी भीम सिंह जावला टोल प्लाजा पर वाहनों की चेकिंग करने लगे। इस दौरान टोल प्लाजा के सिक्योरिटी गार्ड भी हथियार लेकर मौजूद रहे।
करीब सवा तीन बजे पहुंची स्विफ्ट कार की पुलिस ने जांच की। तो कार सवार लोगों ने खुद को पत्रकार बताते हुए हाथरस में कवरेज के लिए जाने की बात कही।
शक होने पर कार की तलाशी में संदिग्ध साहित्य बरामद होने पर चारों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने कार से एक लैपटॉप और छह मोबाइल भी बरामद किए। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को इसकी जानकारी दी गई।
रात 12 बजे एटीएस लखनऊ, एटीएस नोएडा, एटीएस आगरा, आईबी, मिलिट्री इंटेलिजेंस और एलआईयू की टीमें मांट टोल चौकी पर पहुंच गईं। चारों संदिग्धों को भी रात में टोल चौकी पर ले जाया गया।
यहां कई घंटे पूछताछ की गई तथा लैपटॉप और छह मोबाइलों को खंगाला गया। लैपटॉप का डाटा खुफिया एजेंसियों ने लिया है।
देर रात तक पूछताछ के बाद खुफिया विभाग की टीमों ने दिल्ली और लखनऊ में बैठे अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। मंगलवार को भी टीमें मथुरा में डेरा डाले रहीं।
बताया जाता है कि लैपटॉप में कई महत्वपूर्ण जानकारियां टीमों को मिली हैं। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि चारों संदिग्धों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया है।