हाथरस : सब्जी मंडी में फुटकर सब्जी बेचना भारी पड़ गया। कई दिन की चेतावनी के बाद नहीं माने तो गुरुवार को तीस फुटकर सब्जी विक्रेताओं की सूची मंडी प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कोतवाली हाथरस गेट में दे दी। अब मंडी में फुटकर सब्जी बिक्री होती मिली तो दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना वायरस से बचने के लिए शारीरिक दूरी के नियम लागू हैं। इसीलिए मंडी समिति ने सिर्फ थोक में सब्जी बेचने की परमीशन दी थी, ताकि भीड़ कम से कम हो और शारीरिक दूरी का पालन हो। सब्जी मंडी में गोले आदि बनाकर भीड़ से बचने के लिए दुकानदारों को सचेत किया गया था। प्रतिबंध के बाद भी लगातार सब्जी मंडी में फुटकर की दुकानें लग रही थीं। बुधवार को एसडीएम सदर व सीओ सिटी ने मंडी स्थल का निरीक्षण किया तो वहां पर फुटकर सब्जी विक्रेताओं के कारण भीड़ के चलते शारीरिक दूरी के नियम टूटते देख उन्होंने मंडी सचिव को तलब किया था। अब इस पर कार्रवाई करते हुए मंडी सचिव यशपाल सिंह ने तीस फुटकर विक्रेताओं की सूची तहरीर सहित थाना हाथरस गेट पुलिस को उपलब्ध कराते हुए संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को कहा है।