रिपोर्ट: गीतांजली लोहनी
हरियाणा: देश व दुनिया से आपने कई अजीबो-गरीब मामले सुने और देखें होंगे, लेकिन आज हम आपको जो मामला बताने जा रहे है वो सच में हैरान करने वाला है। ये मामला कहीं और का नहीं बल्कि हरियाणा का ही है। जहां पुलिस स्टेशन से कई हजार लीटर शराब गायब हो गयी और हैरानी की बात ये रही कि ये शराब किसी एक पुलिस स्टेशन से गायब नहीं हुई थी बल्कि हरियाणा के कई थानों से कई हजार लीटर शराब गायब हो चुकी है।
बता दें कि हरियाणा के 25 अलग-अलग पुलिस स्टेशनों से लगभग 50,000 लीटर देसी शराब व 30 हजार लीटर अंग्रेजी शराब साथ ही 3 हजार बीयर के कैन थे। हरियाणा पुलिस ने जब्त शराब के संबंध में 825 मामले भी दर्ज किए थे जिसमें ये सारी शराब थी।
इतनी भारी मात्रा में शराब के गायब होने पर पुलिस ने चूहों को दोषी ठहराया है। सूत्रों के अनुसार चूहों ने सबसे ज्यादा देसी शराब की बोतलों को कुतरा है। बता दें किं देसी शराब की बोतलें प्लास्टिक की होती हैं वहीं कच्ची शराब को भी प्लास्टिक के कंटेनर में रखा जाता है, चूहों ने देसी व कच्ची शराब मिलाकर करीब 20 हजार लीटर शराब चट कर ली या उनके काटने की वजह से शराब गिरकर बह गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुकदमों की सुनवाई का इंतजार किया गया और शराब को पुलिस स्टेशन के स्टोर रूम में संग्रहीत किया गया, जिसे ‘मालखाना’ भी कहा जाता है। फैसला सुनाए जाने के बाद, सामान्य प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है और शराब को नष्ट कर दिया जाता है। इस साल, हालांकि, शराब नष्ट होने से पहले ही गायब हो गयी थी।
और जब लापता शराब के बारे में पुलिस से पूछा गया तो उन्होंने चूहों पर दोष लगा दिया। आरोप लगाते हुए पुलिस ने कहा कि चूहों ने स्टोर रूम में रखी सारी शराब पी ली है। यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि देसी शराब को प्लास्टिक की बोतलों में संग्रहित किया जाता है और थानों में संग्रहीत करते समय ड्रमों में डाला जाता है। अब शराब के गायब होने का सच क्या था ये तो हरियाणा पुलिस ही जानें।