नई दिल्ली : दिवाली से पहले सोने के दाम में गिरावट हुई है। वहीं, चांदी की बात करें तो इसमें अच्छा खासा उछाल देखने को मिल रहा है। मौजूदा त्योहारी सीजन को देखें तो गोल्ड और सिल्वर दोनों के लिए ही अच्छी खरीदारी की उम्मीद जताई जा रही है। इसके चलते एक्सपर्ट भी मान रहे हैं कि सोने के दाम में आगे तेजी देखी जा सकती है।
एमसीएक्स यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का दिसंबर वायदा कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है। सोने में आज 49 रुपये या 0.10 फीसदी की हल्की गिरावट के साथ 3 दिसंबर के वायदा पर ट्रेड हो रहा है। इसके चलते एमसीएक्स पर सोने के दाम 47,761 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए हैं। वहीं, चांदी की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है और इसका भी 3 दिसंबर का वायदा हरे निशान में दिख रहा है। एमसीएक्स पर चांदी का दिसंबर वायदा 21 रुपये या 0.03 फीसदी की तेजी के साथ 65,035 पर कारोबार कर रहा है।
बीते कल की बात करें तो एमसीएक्स पर सोना और चांदी दोनों ही गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे और इसमें गिरावट का रुख बना हुआ था। सोने में 48,147 रुपये प्रति ग्राम पर कारोबार हो रहा था। इसके अलावा चांदी को देखें तो 182 रुपये या 0.28 फीसदी की गिरावट के साथ 66,235 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।
अगर प्रमुख शहरों में गोल्ड की कीमतों पर नजर डालें तो दिल्ली में 22 कैरेट के सोने की कीमत 47,210 और 24 कैरेट सोने की कीमत 51,500 चल रही है। मुंबई में 22 कैरेट सोना 47,280 और 24 कैरेट सोना 48,280 पर चल रहा है. कोलकाता में 22 कैरेट सोना 47,410 रुपए है, वहीं 24 कैरेट सोना 50,110 रुपए है। चेन्नई में 22 कैरेट सोने की कीमत 45,390 और 24 कैरेट 49,520 रुपए है. ये कीमतें प्रति 10 ग्राम सोने पर हैं।
अगर चांदी की बात करें तो वेबसाइट के मुताबिक, प्रति किलोग्राम चांदी की कीमत 65,000 रुपए प्रति किलो है। दिल्ली में चांदी 65,000 रुपए प्रति किलो बिक रही है. मुंबई और कोलकाता में भी चांदी की कीमत यही है। चेन्नई में चांदी की कीमत 70,000 रुपए प्रति किलो है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
बुलियन एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारत और दुनिया के आने वाली त्योहारी सीजन को देखते हुए सोने में अच्छी खरीदारी देखे जाने की उम्मीद है। सोने के दाम में उछाल आने की संभावना है और इसी तरीके से चांदी की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। भारत में दिवाली का त्योहार आने वाले है और इससे पहले आने वाला धनतेरस का त्योहार सोने और चांदी की खरीदारी के लिए बेहद शुभ माना जाता है। 2 नवंबर को आने वाले धनतेरस के त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह है और इसका फायदा सर्राफा बाजार को मिल सकता है।