1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. गौतम गंभीर ने कराया कोरोना टेस्ट, खुद को किया क्वांरटीन, फैन्स से की अपील

गौतम गंभीर ने कराया कोरोना टेस्ट, खुद को किया क्वांरटीन, फैन्स से की अपील

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
गौतम गंभीर ने कराया कोरोना टेस्ट, खुद को किया क्वांरटीन, फैन्स से की अपील

भारतीय टीम के पूर्व ओपनर और दिल्ली से मौजूदा बीजेपी सांसद गौतम गंभीर आइसोलेशन में चले गए हैं। गंभीर के घर के किसी सदस्य को कोरोना संक्रमण हुआ है। इसके बाद गंभीर ने खुद अपना कोरोना टेस्ट कराया है और नतीजे का इंतजार कर रहे हैं। इसकी जानकारी इस खिलाड़ी ने खुद ट्वीट के जरिए दी है।

गंभीर ने ट्वीट किया, ‘घर में कोरोना का केस होने के चलते मैं आइसोलेशन में हूं। कोरोना टेस्ट के रिजल्ट का इंतजार कर रहा हूं। सभी से अनुरोध है कि दिशानिर्देशों का पालन करें और इसे हल्के में न लें..सुरक्षित रहें।

दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण रिकॉर्ड तेजी से बढ़ रहा है। लगातार तीसरे दिन कोरोना के 6,000 से ज्यादा नए केस सामने आए, जिससे राजधानी में संक्रमण की दर बढ़कर करीब 13 फीसदी हो गई।

पिछले 24 घंटों में यहां कोरोना के 6,715 नए मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 4,16,653 हो गई। वहीं पिछले 24 घंटों में 66 मरीजों की मौत हुई। 27 जून के बाद पहली बार एक दिन में इतनी मौतें हुई हैं। यहां अब तक 6,769 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है।

बुधवार को 24 घंटे में 6842 मरीज संक्रमित हुए थे। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से गुरुवार रात के करीब साढ़े आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 5,289 लोग रिकवर हुए हैं। अब तक 4,16,653 लोग राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमित हुए हैं और इनमें से 3,71,155 मरीज ठीक हुए हैं।

भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 47,638 मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 670 मरीज़ों ने अपनी जान गंवा दी। नए मामलों के साथ ही देश में अब कोरोना के कुल मामले 84,11 ,724  तक जा पहुंच गए हैं। वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1,24,985 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब तक देश में 77,65,966 लोग कोरोना वायरस को मात देने में सफल हुए हैं। बीते 24 घंटे के दौरान ही 54,157  मरीज़ों ने कोरोना को हराया है और अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मरीजों के ठीक होने की दर में और सुधार हुआ है और यह अब बढ़कर 92.20 प्रतिशत हो गया है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...