भाजपा सांसद व पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने पूर्वी दिल्ली में चलाई जा रही रसोई को एक महीना होने पर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि जब हमने रसोई खोली थी तो बहुत लोगों ने सवाल उठाये थे।
पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर में पिछले महीने की 24 तारीख को पूर्वी दिल्ली के बीजेपी सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने निजी जन रसोई ‘एक आशा’ की शुरुआत की थी। एक महीने बाद और लगभग 1 रुपये में 30 हजार थालियां जरूरतमंदों को परोसने के बाद रविवार को गंभीर ने जन रसोई का दौरा किया और लाभार्थियों से बात की।
उन्होंने कहा कि आज भी हमारी रसोई चल रही है और एक महीना हो गया है। गंभीर ने बताया कि, यहां 600 लोगों को प्रतिदिन खाना खिलाया जाता है। साथ ही पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि हम एक और रसोई खोल रहे हैं ।गंभीर के साथ बीजेपी दिल्ली संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी उपस्थित रहे।
इस कड़कती ठण्ड में जन रसोई बनी हज़ारों का सहारा! ये मुहीम बढ़ने वाली है, और रसोइयाँ खुलने वाली हैं! #OneMonthOfJanRasoi pic.twitter.com/m2aboOfXYM
— Gautam Gambhir (@GautamGambhir) January 24, 2021
इस अवसर पर गंभीर ने कहा मेरा यह दृढ़ विश्वास है कि कोई भी भोजन जैसी मूल चीज से वंचित नहीं रहना चाहिए। एक जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में यह हमारी जिम्मेदारी है कि हमारे आसपास कोई भी भूखा न सोए। यह हमें ही तय करना होगा।
उन्होंने कहा इस रसोई के माध्यम से हमारा उद्देश्य न केवल लोगों का पेट भरना है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि उन्हें उचित पोषणयुक्त खाना मिले। जन रसोई में कोविड से बचाव के सुरक्षात्मक उपायों का भी पूरा ध्यान रखा गया है।
गंभीर बोले नियमित अंतराल पर रसोई को पूरी तरह से सैनेटाइज भी किया जाता है। बहुत जल्द हम पूर्वी दिल्ली की दूसरी जन रसोई मयूर विहार जिले में शुरू करने जा रहे हैं। इसके बाद ऐसी कई और भी रसोई शुरू की जाएगी।’