पलेरा, टीकमगढ़। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देश पर जनपद शिक्षा केंद्र पलेरा द्वारा शासकीय मॉडल स्कूल में आयोजित चार दिवसीय FLN शिक्षक प्रशिक्षण का समापन हो गया। प्रशिक्षण में विकासखंड के कक्षा 1 और 2 में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को पिछले एक महीने के दौरान अलग-अलग चरणों में आयोजित किया गया। शिक्षकों को तीन-तीन बैच में विभाजित कर चार चरणों में प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य शुरुआती कक्षाओं में बच्चों की बुनियादी भाषा और गणितीय दक्षताओं को मजबूत करने के लिए शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण तकनीकों से परिचित कराना रहा।
प्रशिक्षण के पहले दिन मास्टर ट्रेनरों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, FLN, निपुण मिशन और पाठ्यपुस्तकों में हुए बदलावों की जानकारी दी। इसके बाद हिंदी, अंग्रेजी और गणित विषयों की मूलभूत अवधारणाओं पर विषय विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया। शिक्षकों को बच्चों के लिए गतिविधि आधारित, रोचक और आनंददायी शिक्षण पद्धतियों का अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षण में बच्चों के मौखिक एवं लिखित भाषा विकास से जुड़े बुनियादी साक्षरता घटकों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों को मूल्यांकन और आकलन के बीच अंतर समझाने के साथ विभिन्न प्रकार के आकलन की जानकारी दी गई।निपुण भारत के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए संचालित मिशन अंकुर से भी शिक्षकों को अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन आनंदमय अधिगम पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने के प्रति रुचि पैदा करने और विद्यालय से जोड़ने के तरीके बताए गए। शिक्षकों को यह भी बताया गया कि वे AI तकनीक का उपयोग शिक्षण कार्य और शैक्षणिक प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किस तरह कर सकते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का डाइट कुंडेश्वर और जिला शिक्षा केंद्र के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। अकादमिक समन्वयक एपीसी मनोज गुप्ता और FLN प्रशिक्षण प्रभारी विजेंद्र तिवारी ने प्रशिक्षण गतिविधियों का जायजा लिया। समापन अवसर पर BRC प्रमुख पुष्पेंद्र पाठक ने शिक्षकों से प्रशिक्षण में सीखी गई गतिविधियों और शिक्षण विधियों को कक्षा में लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों के माध्यम से बच्चों को लाभ पहुंचाते हुए निपुण भारत के लक्ष्यों की दिशा में प्रयास किए जाएं।
प्रशिक्षण के दौरान पढ़ाए गए विषयों पर आधारित ऑनलाइन पोस्ट टेस्ट भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद शिक्षा केंद्र से राजकुमार पटैरिया, मास्टर ट्रेनर इशिता मिश्रा, संगीता मौर्य, रमजान खान, शैलेंद्र अहिरवार, गिरीश सिंह परिहार, सुमन यादव सहित शिक्षक, सीएसी और अन्य प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।