1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. देवरिया – सपा से पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रम्हा शंकर त्रिपाठी व भाजपा से डॉ. सत्य प्रकाश मणि ने किया नामांकन दाखिल

देवरिया – सपा से पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रम्हा शंकर त्रिपाठी व भाजपा से डॉ. सत्य प्रकाश मणि ने किया नामांकन दाखिल

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

उत्तर प्रदेश के सात विधानसभा उप चुनाव की देवरिया सीट पर भाजपा व सपा ने भी अपने पत्ते खोल दिए हैं। बसपा, कांग्रेस के बाद सपा व भाजपा ने भी ब्राह्मण कार्ड खेल दिया है। ऐसे में यहाँ चुनाव और भी रोमांचित व ऐतिहासिक हो गया है। इस दौरान चल रहे नामांकन में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रम्हा शंकर त्रिपाठी को चुनाव मैदान में उतारा है।

आज सपा प्रत्याशी ने भारी संख्या में जुटे सपाइयों के साथ जुलूस निकाला व कलेक्ट्रेट पहुचकर नामांकन दाखिल किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी डॉ. सत्य प्रकाश मणि ने देवरिया सांसद रमापति राम त्रिपाठी के साथ कलेक्ट्रेट में सादगी के साथ नामांकन दाखिल किया।

 

बता दें कि उत्तर प्रदेश के देवरिया में हो रहा उपचुनाव दिलचस्प हो गया है। नामांकन दाखिले के दौरान सपा प्रत्याशी ने अपना नामांकन तीन सेटों में दाखिल किया। इस दौरान सभी समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर इकट्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए नामांकन स्थल पहुँचे।सपा ने नामांकन के दौरान भीड़ इकट्ठा कर शक्ति का प्रदर्शन भी किया।

सपा प्रत्याशी ब्रम्हा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि वे चुनाव नही लड़ना चाहते थे लेकिन जनता चाहती थी मैं चुनाव लड़ू। सभी पार्टियों ने यह ब्राम्हण वोट देखते हुए यहां ब्राम्हण कार्ड खेला है, लेकिन समाजवादी पार्टी सभी जाति व धर्म का सम्मान करती है।

पूर्व मंत्री व सपा प्रवक्ता अभिषेक मिश्र ने कहा कि सपा हमेशा महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मैदान में रही है। आज प्रदेश में क्राइम एक बहुत बड़ा मुद्दा है। सेफ्टी अगेंस्ट वोमेन को लेकर भाजपा के बड़े बड़े वायदे झूठे साबित हो गए हैं। करप्शन चरम सीमा पर है।जनता को लूटने का कार्य किया जा रहा है। ऐसे में प्रदेश में इस सरकार को उखाड़ फेंकना है व सूबे में अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाना है।

भाजपा प्रत्याशी डॉ. सत्य प्रकाश मणि उर्फ गुड्डू बाबू ने कहा कि आज एक सेट में नामांकन दाख़िल किया गया है। वहीं, देवरिया के अधूरे पड़े सभी विकास कार्यो को पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है।

देवरिया सांसद रमापति राम त्रिपाठी ने इस दौरान बताया कि भाजपा व केंद्र सरकार ने जनता से किये विकास के वायदे एक एक कर पूरे कर रही है। देवरिया में अधूरे पड़े कार्यों को लेकर हमारी जिम्मेदारी बनती है उसको हम शीघ्र पूरा करेंगे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...