1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बड़ी खबर : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जेल में फायरिंग, मुख्तार के करीबी समेत 2 की हत्या, गैंगस्टर भी ढेर

बड़ी खबर : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जेल में फायरिंग, मुख्तार के करीबी समेत 2 की हत्या, गैंगस्टर भी ढेर

By: Amit ranjan 
Updated:
बड़ी खबर : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जेल में फायरिंग, मुख्तार के करीबी समेत 2 की हत्या, गैंगस्टर भी ढेर

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जेल में शुक्रवार को दो गुटों के बीच फायरिंग हुई। जिसमें दो बदमाशों की हत्या कर दी गई। मारा गया बदमाश, बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी था। वहीं जेल पुलिस ने हत्या करने वाले गैंगस्टर को एनकाउंटर में मार गिराया है। आपको बता दें कि इस दौरान जेल के अंदर प्रशासन के आला-अधिकारी मौजूद हैं।

सूत्रों के मुताबिक, सुल्तानपुर जेल से हाल में चित्रकूट जेल में शिफ्ट किए गए पूर्वांचल के बड़े गैंगस्टर अंशु दीक्षित ने शुक्रवार दोपहर में फायरिंग की, जिसमें मुकीम काला और मेराज की हत्या की खबर है। आपको बता दें कि मुकीम काला पश्चिमी उत्तर प्रदेश का इनामी गैंगस्टर था। वहीं मेराज को बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद मेराज, बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का खास गुर्गा बन गया था। खैर जेल में फायरिंग के बाद मौके पर प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ पुलिस टीम पहुंच गई। इस दौरान अंशु दीक्षित और पुलिस टीम के बीच भी फायरिंग की खबर है, जिसमें अंशु दीक्षित मारा गया है।

अंशु ने बनाया था पांच कैदियों को बंधक

चित्रकूट प्रशासन का कहना है कि अंशु दीक्षित ने मुकीम काला और मेराज अली को मारने के बाद पांच कैदियों को बंधक बना लिया था। इस दौरान जेल प्रशासन ने अंशु से कैदियों को छोड़ने की अपील की, लेकिन अंशु नहीं माना।  इस दौरान पुलिस और अंशु के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अंशु मारा गया। फिलहाल जेल में चेकिंग अभियान चल रहा है।

मेराज ने किया था वाराणसी में आत्म समर्पण

बता दें कि मेराज, मुन्ना बजरंगी गैंग का सक्रिय सदस्य माना जाता था। बीती 3 सितंबर 2020 को जैतपुरा थाने में मेराज के खिलाफ शस्त्र के लाइसेंस के नवीनीकरण में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। पहले मेराज फरार हुआ, बाद में उसने वाराणसी के थाने में आत्म समर्पण कर दिया था।

2015 में किया गया था मुकीम काला को गिरफ्तार

मुकीम काला गैंग ने 15 फरवरी 2015 को सहारनपुर के तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में डकैती की वारदात की थी। उसी दौरान तीतरो में दो सगे भाइयों की हत्या और सहारनपुर में सिपाही राहुल ढाका की हत्या कर दी थी। बाद में 20 अक्तूबर 2015 को एसटीएफ ने मुकीम काला और उसके शार्प शूटर साबिर जंधेड़ी को गिरफ्तार किया था।

कुरुक्षेत्र से सहारनपुर फिर चित्रकूट जेल लाया गया था मुकीम काला

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया तो मुकीम काला गैंग के खिलाफ कार्रवाई का अभियान चला। इसके बाद गैंग के कई बदमाश ढेर कर दिए गए। मुकीम काला को पिछले दिनों की हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिला कारागार से सहारनपुर जिला कारागार में निरुद्ध किया गया था और इस वक्त को चित्रकूट कारागार में था।

2014 में गोरखपुर से किया गया था अंशु को गिरफ्तार

अंशु दीक्षित 2014 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए काफी सिरदर्द बना गया था। सीतापुर निवासी अंशु दीक्षित कई आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था। 5 दिसंबर 2014 को एसटीएफ को सूचना मिली कि अंशु गोरखपुर में मौजूद है और वहां से नेपाल भागने की फिराक में है। इस दौरान पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर मुठभेड़ में अंशु को गिरफ्तार कर लिया था।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...