शाजापुर जिले के मक्सी नगर में गंभीर जल संकट को लेकर स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में सोमवार को नगर परिषद कार्यालय के सामने बड़ा धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने खाली मटके लेकर नारेबाजी की और नगर परिषद के गेट पर पहुंचकर मटके फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाने का भी प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद पर जल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि लंबे समय से क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे। हालांकि मौके पर पुलिस बल तैनात था, लेकिन बाद में तहसीलदार ने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलनकारी शांत हुए और स्थिति सामान्य हो गई।