1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. बवानिया गैंग के लिए काम करने वाले बदमाश भाइयों और पुलिस के बीच मुठभेड़, गिरफ्तार

बवानिया गैंग के लिए काम करने वाले बदमाश भाइयों और पुलिस के बीच मुठभेड़, गिरफ्तार

Encounter between crook brothers working for Bawania gang and police, arrested; बदमाश गैंगस्टर नीरज बवानिया और बबलू घोघा गैंग के लिए वारदात करते थे। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने दोनों बदमाशों के पैर में गोली मारी।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
बवानिया गैंग के लिए काम करने वाले बदमाश भाइयों और पुलिस के बीच मुठभेड़, गिरफ्तार

नई दिल्ली। लूटपाट करने वाले बदमाश भाइयों घोघा गांव निवासी ललित जैन और मोहित जैन को द्वारका पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई थी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने दोनों बदमाशों के पैर में गोली मारी। बता दें कि ये बदमाश गैंगस्टर नीरज बवानिया और बबलू घोघा गैंग के लिए वारदात करते थे। इनके कब्जे से पुलिस ने दो पिस्टल, चार कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक सिम और चोरी की बाइक बरामद की है।

जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि ललित पर 43 और मोहित पर 39 आपराधिक मामले दर्ज हैं। 31 अक्तूबर की सुबह पुलिस को द्वारका सेक्टर 23 इलाके में सैर पर निकली एक महिला से पिस्टल के बल पर दो बाइक सवारों के मोबाइल फोन लूटने की सूचना मिली। द्वारका सेक्टर-23 थाने की पुलिस, स्पेशल स्टाफ और साइबर सेल ने जांच शुरू की तो पता चला कि बदमाश महिला के फोन में दूसरा सिम चला रहे हैं। वह गलत पते पर लिया गया था। पुलिस ने फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाया। इसके जरिये रविवार सुबह बदमाशों के राधास्वामी सत्संग के पास आने की जानकारी मिली।

बाइक से आए बदमाशों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई। बदमाशों पैदल भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोली चला दी। बदमाशों की गोली दो पुलिसवालों की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच के बाद पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश नशे के आदी हैं। दोनों 22 अक्तूबर को जेल से निकलने के बाद लूटपाट, झपटमारी और चोरी की नौ वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों भाई वाहन चोर बबलू घोघा और गैंगस्टर नीरज बवानिया के गिरोह के लिए वारदात कर चुके हैं। दोनों बदमाशों ने नीरज बवानिया के नाम पर उगाही करने के दौरान गोलीबारी के लिए बाइक चुराई थी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...