नई दिल्ली: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के संशोधित आदेश के जारी कर आज से बिना किसी क्षमता प्रतिबंध के घरेलू उड़ानें संचालित कर दी है। बता दें कि मंत्रालय ने पिछले सप्ताह इसका ऐलान किया था। मंत्रालय ने यह फैसला हवाई यात्रा के लिए यात्रियों की मांग को ध्यान में रखकर लिया था। मंत्रालय के आदेश पर एयरलाइंस 18 सितंबर से अपनी कोविड पूर्व घरेलू सेवाओं के 85 प्रतिशत का संचालन कर रही हैं।
विमानन कंपनियां 12 अगस्त से 18 सितंबर के बीच कोविड-पूर्व की अपनी घरेलू उड़ानों में से 72.5 प्रतिशत का संचालन कर रही हैं। यह सीमा पांच जुलाई से 12 अगस्त के बीच 65 प्रतिशत थी। एक जून से पांच जुलाई के बीच यह सीमा 50 प्रतिशत थी। भारतीय विमानन कंपनियों ने नौ अक्टूबर को 2,340 घरेलू उड़ानों का संचालन किया, जो उनकी कुल कोविड पूर्व क्षमता का 71.5 प्रतिशत है।
लागू रहेंगे ये प्रतिबंध
कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के अलावा, घरेलू उड़ानों पर न्यूनतम और अधिकतम किराया कैप जैसे कुछ अन्य प्रतिबंध लागू रहेंगे। साथ ही 2 घंटे से कम की यात्रा समय में न तो भोजन परोसा जाएगा और न ही बेचा जाएगा। दूसरी कोविड लहर की शुरुआत के बाद से 2 घंटे से कम अवधि की घरेलू उड़ानों में भोजन सर्विस और उसकी बिक्री की अनुमति नहीं है।
कोरोना वायरस की वजह से पिछले साल लगभग दो महीने के लिए उड़ानें पूरी तरह से ठप हो गई थीं। सरकार ने दो महीने के अंतराल के 25 मई 2020 से निर्धारित घरेलू उड़ानों को फिर से शुरू किया था। उस वक्त मंत्रालय ने विमानन कंपनियों को कोविड-19 पूर्व की अपनी घरेलू सेवाओं के 33 प्रतिशत से अधिक के संचालन की अनुमति नहीं दी थी। दिसंबर 2020 तक धीरे-धीरे इसे बढ़ाकर 80 प्रतिशत कर दिया गया। एक जून तक यह सीमा 80 प्रतिशत तक बनी रही।
भारत में निलंबित हैं अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर उड़ानें
कोरोना वायरस महामारी के कारण भारत में अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर उड़ानें 23 मार्च, 2020 से निलंबित हैं। हालांकि, भारत ने लगभग 28 देशों के साथ “एयर बबल” व्यवस्था के तहत विशेष उड़ानों की अनुमति दी है। एयर बबल की व्यवस्था के तहत, एक देश की एयरलाइनों को विशिष्ट प्रतिबंधों के साथ दूसरे के क्षेत्र में सीमित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें संचालित करने की अनुमति है।
यात्रियों की क्षमता में संशोधन का देश के प्रमुख वाहकों ने स्वागत किया है। इंडिगो ने कहा कि “यह एक स्वागत योग्य कदम है क्योंकि हमारा मानना है कि आगामी त्योहारी सीजन के साथ हाल ही में मांग में कमी के साथ, पूर्व-महामारी के स्तर पर उड़ानें संचालित करना बहुत अच्छा होगा। हम समग्र विकास और घरेलू यात्रा की मांग के बारे में काफी उत्साहित हैं।