रिपोर्ट: नंदनी तोदी
सहारनपुर: भारत में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया जाता है, फिर भी समाज में उन्हें वो ओहदा नहीं दिया जाता, जिसे हमारे धार्मिक ग्रंथ देते हैं। हालांकि वर्तमान की केंद्र और राज्य सरकार द्वारा लगातार ऐसे कई कदम उठाये जा रहें है, जिससे महिलाओं का उत्थान किया जा सकें। इसे लेकर वो कभी रोजगार में महिलाओं को प्राथमिकता देते हैं तो कभी उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए समय-समय पर सम्मानित करते है।
एक ऐसी ही खबर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की हैं, जहां एक जिला की टॉपर छात्रा राखी को एक दिन के लिए डीएम बनाया गया। दरअसल, सरसावा स्थित डीसी जैन इंटर कॉलेज की छात्रा राखी ने यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट में जिला टॉप किया था। उनकी इस कामयाबी के बाद उन्हें एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया।
आपको बता दें, इस दौरान राखी ने समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत के बाद राखी ने बताया कि इस कुर्सी पर बैठकर उन्हें ज़िम्मेदारियों का एहसास हुआ। साथ ही कहा जीवन में कड़ी से कड़ी मेहनत करके बड़ी नौकरी हासिल करनी है। राखी का कहना है कि बड़ी नौकरी हासिल कर देश की सेवा करनी है।
इतना ही नहीं, डीएम बनीं सहारनपुर जनपद में जिला टॉपर रहीं राखी के समक्ष एक युवक ने स्टेडियम में बॉक्सिंग स्थल के पास हुई खुदाई के कारण हो रहीं परेशानी को दूर कराने की मांग भी की। इसके अलावा एक व्यक्ति ने शाकंभरी देवी मंदिर रोड पर बसों के संचालन की मांग की।
आपको बता दें अब तक राखी के समक्ष कुल 10 शिकायत पत्र रखे गए। वहीं जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत छात्रा राखी को एक दिन की डीएम बनाया गया है।