बालाघाट जिला पंचायत में उस समय विवाद गहरा गया जब 19 जून को हुई सामान्य सभा की बैठक में सदस्य जीतू राजपूत द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देने के बजाय जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ बैठक छोड़कर चले गए। इसी घटना के बाद से नाराजगी बढ़ती चली गई।
इस घटना के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरस्वार सहित 22 सदस्य सीईओ और सहायक यंत्री शिव भास्कर को हटाने की मांग को लेकर एकजुट हो गए हैं। सदस्यों ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया और जिला पंचायत परिसर में विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की।

सभी नाराज सदस्य अब मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांग रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द मुलाकात का समय नहीं मिला तो आगे की रणनीति तय की जाएगी और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष का आरोप है कि सीईओ बैठकों में योजनाओं की राशि का पूरा ब्यौरा नहीं देते और डीएमएफ फंड की जानकारी भी साझा नहीं की जाती। उन्होंने करोड़ों रुपये के फंड में अनियमितता और बंदरबांट के आरोप लगाए हैं।