रिपोर्ट:पायल जोशी
बीते तीन दिन से रोडवेज बस से डीजल चुराने का एक वीडियो बहुत तेज़ी से वायरल हो रहा है। बता दें कि ये बस उत्तराखंड रोडवेज की देहरादून जेएनएनयूआरएम डिपो की है, जिसमें एक शख्स डीजल टैंक में पाइप लगाकर डीजल चुराते नजर आ रहा है, और पास में ही एक दूसरा शख्स भी खड़ा था। इस मामले की खबर रोडवेज मुख्यालय तक भी पहुंच गई है। महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि बस अनुबंधित है, और उसके मालिक को नोटिस भेज दिया गया है।

आपको बता दें कि ये वीडियो रात के अंधेरे का है, और इस वीडियो में जेएनएनयूआरएम डिपो की साधारण बस (यूके07पीए-0426) दिख रही है। बस के पास ही एक हरिद्वार नंबर की एक बाइक (5741) भी खड़ी दिख रही है। जब रात को डीजल की चोरी हो रही थी तभी एक शख्स ने इसका वीडियो बना लिया, और इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वैसे बता दें कि ये वीडियो देहरादून का है या हरिद्वार बस अड्डे का, यह अभी पता नहीं लगा है। मंगलवार को कर्मचारियों ने यह वीडियो रोडवेज मुख्यालय में पहुंचा दिया है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
रोडवेज के महाप्रबंधक ने बताया है कि वायरल वीडियो की जांच चल रही है। बस अनुबंधित है। जिसमें चालक बस मालिक की तरफ से रखा जाता है और परिचालक रोडवेज का होता है। डीजल की चोरी करने वाला संभवत: बस का चालक है। बस मालिक को नोटिस देकर बस का अनुबंध खत्म करने की चेतावनी दी गई है।
बता दें कि रोडवेज में बस से डीजल चोरी करने का यह नया मामला नहीं है। पहले भी लगातार इस तरह के मामले आते रहे हैं। अनुबंधित बसों में सबसे ज्यादा शिकायत है, और पूर्व में वाल्वो और एसी बसों में भी ऐसी शिकायत मिल चुकी है। दरअसल, अनुबंधित बसों में डीजल रोडवेज की ओर से भराया जाता है।