शिवपुरी। गणेश चतुर्थी के दौरान शहर में मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने की मांग को लेकर राष्ट्रीय सनातन सेना भारत ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने गणेश उत्सव के पूरे 12 दिनों तक मांस-मटन की दुकानों पर रोक लगाने के संबंध में प्रशासन से आदेश जारी करने की मांग की है।
राष्ट्रीय सनातन सेना भारत के प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि गणेश चतुर्थी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश की आराधना करते हैं और विभिन्न धार्मिक आयोजनों में हिस्सा लेते हैं। संगठन ने उत्सव के दौरान धार्मिक वातावरण बनाए रखने और स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं के सम्मान की बात कही।
संगठन की ओर से कहा गया कि मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने की मांग धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वच्छता से भी जुड़ी है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग का उद्देश्य किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है।

ज्ञापन के जरिए संगठन ने गणेश उत्सव के दौरान शहर में साफ-सफाई समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर रखने की मांग की। इसके लिए प्रशासन और नगर पालिका से विशेष इंतजाम करने की अपील की गई।
राष्ट्रीय सनातन सेना भारत ने गणेश चतुर्थी के दौरान मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने के लिए प्रशासन से औपचारिक आदेश जारी करने का आग्रह किया है। अब इस मांग पर जिला प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर नजर रहेगी।