आठ फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 54 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी। पार्टी की ओर से जारी की गई सूची के मुताबिक पूर्व मंत्री अशोक कुमार वालिया को कृष्णा नगर और हारून यूसुफ को बल्लीमारान से उम्मीदवार बनाया गया है। आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं अलका लांबा को चांदनी चौक विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले आदर्श शास्त्री को द्वारका से टिकट दिया गया है, जहां से वह निवर्तमान विधायक हैं। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की पुत्री शिवानी चोपड़ा को कालकाजी और चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख कीर्ति आजाद की पत्नी को संगम विहार से टिकट मिला है।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ कांग्रेस ने लक्ष्मण रावत को टिकट दिया है। पार्टी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर एक बैठक हुई। इसी बैठक में इन सभी 54 नामों पर मुहर लगी।
गौरतलब है कि दिल्ली में आठ फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। राजधानी में आप, बीजेपी और कांग्रेस में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। कई सर्वे के मुताबिक, आम आदमी पार्टी एक बार फिर दिल्ली की सत्ता हासिल करने में सफल हो सकती है।