सहारनपुर – रामपुर थानाक्षेत्र के गाँव उमाही कला में कल शाम अचानक हुई गोलियों की तड़तड़ाहट से ग्रामीण सहम गये। गोलीबारी में एक 54 वर्षीय अधेड़ युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को परिजन जिला चिकित्सालय लेकर गए, जहां गंभीर हालत होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए राजसिंह के भतीजे ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके चाचा जी घर पर ही बैठे हुए थे कि शाम के लगभग 7 बजे लगभग 1 दर्जन हथियार बंद हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
हमलावरों ने उन्हें भागने का भी मौका नही दिया। हमलावरों ने मकान के अंदर घुसकर लगभग 150 फायर किये। जसवीर ने बताया कि उनके चाचा को भी लगभग 8 गोलियां लगी। हमलावर उन्हें मृत समझकर फरार हो गये।
जसवीर ने बताया कि वह सभी अपने घायल चाचा को उठाकर जिला अस्पताल ले गए, जहां गंभीर हालत होने की वजह से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था।
उन्होंने बताया कि पूरी घटना की जानकारी उन्होंने पुलिस को भी दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। जिस स्थान पर यह घटना घटी वहां खड़ी गाड़ी फ्रिज शीशे आदि कई जगहों पर गोलियों के निशान हैं।
गोलियों के खोखे बिखरे पड़े हैं तथा मौके पर घायल राज सिंह का खून पड़ा हुआ है। जो घटना की भयानकता को दर्शा रहे हैं।
यहां तक कि गोलीबारी में मकान में बंधी हुई एक गाय भी घायल हुई है। गाय को भी गोली लगी है। जबकि राज सिंह जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जिस तरह से हमलावरों ने बिना किसी डर भय के गांव के बीच में इस घटना को अंजाम दिया है। उससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि अपराधियों के दिलो दिमाग से कानून का डर बिल्कुल समाप्त हो चुका है।