समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार का असली चेहरा अब सामने आ रहा है। भाजपा राज में अपराध और अपराधियों की संख्या बढ़ी है।संरक्षण प्राप्त होने से वे बेखौफ है।निर्दोष लोगों, गरीबों, किसानों, नौजवानों की परेशानियां बढ़ी है।
भाजपा अपनी अंहकारी एकाधिकारवादी राजनीति से देश में लोकतंत्र को भी कमजोर करने में लगी है। फिर भी भाजपा चुनाव जीतने का षड़यंत्र करती रहती है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र को बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अभियान छेड़ेगी।यादव आज पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा राज में किसानों, नौजवानों को सबसे ज्यादा परेशनियां उठानी पड़ रही हैं। तीन नए कृषि कानूनों से किसानों के हितों को चोट पहुंची है और वे सभी आक्रोशित हैं। उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। किसानों के धान की लूट हो रही है। सरकारी दावे के बावजूद उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसान पर उसके गन्ने का बकाया भुगतान न होने और दूसरे बढ़ती मंहगाई के कारण दोहरी मार पड़ रही है। खाद, बीज का संकट है। हजारों करोड़ रूपए चीनी मिलों पर बकाया है। अब किसान का पराली के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। कई जनपदों में किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया जाना अन्याय है। उसकी आय दुगनी करने की तो अब भाजपा चर्चा भी नहीं करती है।