पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की जनपद पंचायत गुनौर अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरैना के सैकड़ों ग्रामीणों ने रोजगार सचिव और सरपंच पर भ्रष्टाचार एवं मनमानी के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि रोजगार सचिव को तत्काल ग्राम पंचायत से हटाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
ग्रामीणों का आरोप है कि रोजगार सचिव और सरपंच की कार्यप्रणाली के कारण पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची सार्वजनिक नहीं की जा रही है, जिससे पात्र हितग्राहियों को जानकारी नहीं मिल रही। इसके अलावा समग्र आईडी बनवाने में भी लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों में व्यापक अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है। उनका कहना है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की गई और सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि वर्तमान रोजगार सचिव का तत्काल तबादला किया जाए, नए रोजगार सचिव की पदस्थापना की जाए तथा अब तक कराए गए सभी विकास कार्यों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
राजेश रावत की रिपोर्ट