रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नोएडा: कोरोना महामारी के दूसरे लहर का कहर लगातार जारी है। कोरोना से संक्रमित मरीज ऑक्सीजन और दवाईयों की कमीं से लगातार दम तोड़ रहें हैं। महामारी के दूसरे लहर ने कई हंसते-खेलते परिवारों को तबाह कर दिया है। बुधवार को यूपी के नोएडा से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसे जानकर आपकी रुंह कांप जायेगी। यहां एक पिता अपने बेटे का अंतिम संस्कार करके घर पहुंचा ही था कि उसका दूसरा बेटा भी दुनिया को अलविदा कह गया।
यह दर्दनाक घटना नोएडा वेस्ट के जलालपुर गांव में घटी, गांव के रहने वाले अतर सिंह के परिवार में यह दुखों का पहाड़ टूटा है। पहले उसके बेटे पंकज की अचानक मौत हो गई। किसी तरह गांववालों ने उसे संभाला और शव लेकर श्मशान पहुंचे। पिता मुखाग्नि देकर अभी घर पहुंचे ही थे कि दूसरे बेटे दीपक ने भी दम तोड़ दिया। दोनों बेटे कोरोना के शिकार हुए थे जो पिछले कुछ दिनों से जंग लड़ रहे थे।

घर का दो-दो चिराग बुझ जाने के बाद पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है, दो जवान बेटों को खो देने के बाद परिवार सिसक रहा है। जबकि मां का सबसे बुरा हाल है, वह पूरी तरह से टूट गई है। अपने दोनों बेटों के नाम लेते हुए बार-बार बेहोश हो जाती है। यह भयानक मंजर जो भी देखता है उसका कलेजा कांप जाता है।
जलालपुर गांव में कोरोना का तांडव इस कदर है कि पिछले 10 दिनों में यहां 18 लोगों की जान जा चुकी है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि सभी की मौत घर में ही हुई है। बस इनको हल्का सा बुखार आया और ऑक्सीजन लेवल कम होने के बाद दम तोड़ दिया। जलालपुर के अलावा आसपास के कई गांव के लोग दहशत में जी रहे हैं।
आपको बता दें कि दो दिन पहले ऐसी एक दिल दहला देने वाली घटना यूपी के जौनपुर जिले के मीरगंज क्षेत्र में घटी थी। जहां राष्ट्रीय बिंद विकास ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्बली राम बिंद का रविवार को निधन हो गया। परिजन उनका अंतिम संस्कार करके घर लौटे थे कि कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। 12 घंटे में ही पति-पत्नी दुनिया को अलविदा कह गए।
यूपी में कोरोना के ऑकड़े की तो अप्रैल महीने में जहां एक दिन में 39000 तक मामले सामने आए थे, वहीं अब मई में प्रतिदिन करीब 20 हजार केस मिल रहे हैं। लेकिन मृतकों की संख्या में कोई खास कमी नहीं आई है। मंगलवार को 306 लोगों की कोरोना से मृत्यु हो गई, उससे एक दिन पहले 278, रविवार को 296, शनिवार को कोरोना से 372 मौतें हुईं थी।
वहीं सरकार ने दावा किया कि प्रतिदिन दो लाख से ज्यादा टेस्टिंग हो रही है। बुधवार को 2,45,986, मंगलवार को 2,16,057 टेस्टिंग, सोमवार को 2,14,977 टेस्टिंग तो रविवार को 2,29,186 लोगों की कोरोना जांच की गई है।