चीन के कोरोना वायरस का एक बार फिर से कहर बढ़ने लगा है, जिसे देखते हुए गृह मंत्रालय के ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन विभाग ने जापान और दक्षिण कोरिया के नागरिकों के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इन दोनों देशों के नागरिकों को स्थिति सामान्य होने तक अब भारत पहुंचने पर वीजा नहीं मिल पाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने नागरिकों से कहा है कि अगर जरूरी न हो तो वे दक्षिण कोरिया, ईरान और इटली की यात्रा करने से बचें। मंत्रालय ने एक यात्रा परामर्श में कहा है कि, 10 फरवरी 2020 के बाद से दक्षिण कोरिया, ईरान और ईटली से आ रहे लोगों या वहां यात्रा करने वाले लोगों को भारत पहुंचने पर 14 दिनों के लिए अलग रखा जा सकता है।
बताते चले कि, दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के 256 नए मामले सामने आने के बाद इससे संक्रमतित लोगों की संख्या बढञकर शुक्रवार को 2,022 हो गई। देश के रोग नियंत्रण एवं बचाव केंद्र ने बताया कि 90 प्रतिशत से अधिक मामले दाएगू शहर और पड़ोसी उत्तर ग्योओंग्सांग में सामने आए हैं। देश में हालांकि शुक्रवार को इससे कोई मौत नहीं हुई और मृतक संख्या 13 बनी हुई है।
गौरतलब हो कि चीन में कोरोना वायरस का प्रकोप कुछ थमने के बाद फिर बढ़ने लगा है। पिछले कुछ दिनों में गिरावट के बाद नए मामलों में तेजी आई है। मध्य चीन के हुईई प्रांत की राजधानी वुहान से यह कोरोना वायरस पूरे चीन समेत दुनिया के 40 से भी ज्यादा देशों में फैल चुका है।