माइक्रोसाॅफ्ट कंपनी के सह-संस्थापक बिल गेट्स के गेट्स फाउंडेशन ने दुनियाभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) की मदद के लिए 10 करोड़ डाॅलर देने का एलान किया है। इसके अलावा वाशिंगटन की मदद के लिए वे 50 लाख डाॅलर देंगें।
गुरूवार को लोगों से कोरोना वायरस को लेकर एहतियात बरतने का अनुरोध करते हुए बिल गेट्स ने इसका ऐलान किया है। गेट्स ने सोशल साइट रेडिट पर यूजर्स के सवालों का जबाब देते कहा कि जांच के लिए शहर और संस्थानों को बंद करने में कोई परेशानी नहीं है। इसका फायदा यह होगा कि कोरोना के नए मरीजों की संख्या कम होगी।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को आर्थिक नुकसान की चिंता तो है ही, लेकिन इससे विकासशील देश ज्यादा प्रभावित होंगे, क्योंकि ऐसे देश अमीर देशों की तरह सामाजिक दूरी नहीं बना सकते। विकासशील देशों में अस्पताल कम हैं और उनकी क्षमता भी काफी कम है। उन्होंने कहा कि गेट्स फाउंडेशन डायग्नोस्टिक्स, चिकित्सा और टीके बनाने वाली लैब का भी काम कर रहा है।