1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. कोरोना वैक्सीन: केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी बोले- देश के सभी लोगों को वैक्सीन फ्री मिलेगी

कोरोना वैक्सीन: केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी बोले- देश के सभी लोगों को वैक्सीन फ्री मिलेगी

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कोरोना वैक्सीन: केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी बोले- देश के सभी लोगों को वैक्सीन फ्री मिलेगी

बिहार में घोषणापत्र जारी करते हुए भाजपा ने सत्ता में आने पर बिहार के निवासियों को मुफ्त में कोरोना वायरस टीका देने का वादा किया। इसे लेकर विपक्ष उसपर हमलावर है। इसके बाद पांच राज्यों ने भी मुफ्त कोरोना के टीके का एलान किया है। अब मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी ने रविवार को दावा किया कि देश के सभी लोगों को मुफ्त में कोरोना की वैक्सीन दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी ने कहा है कि देश के सभी नागरिकों को कोरोना का टीका मुफ्त में उपलब्ध कराया जाएगा। बीजेपी ने बिहार विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में मुफ्त कोरोना टीके का वादा किया था।

इसके बाद, विपक्षी दल लगातार भाजपा पर हमलावर थे। उसपर महामारी को लेकर राजनीति के आरोप लग रहे थे। सारंगी ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि सभी लोगों को कोरोना का टीका फ्री में उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रत्येक व्यक्ति के टीकाकरण पर करीब 500 रुपये खर्च होंगे।’ सारंगी बालासोर में 3 नवंबर को होने वाले उपचुनाव से पहले एक सभा को संबोधित करने आए थे।

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम अपने संबोधन में कोरोना वैक्सीन के बारे में चर्चा की थी। पीएम ने कहा था कि भारत के वैज्ञानिक इस ओर काम कर रहे हैं और नतीजे जल्द ही हमारे हक में होंगे।

केंद्रीय राज्‍य मंत्री प्रताप सारंगी ने यह दावा ओडिशा के मंत्री आरपी स्वैन के हमले के जवाब में किया। स्‍वैन ने ओडिशा के दोनों केंद्रीय मंत्रियों से पूछा था क‍ि जिस तरह बिहार में फ्री वैक्‍सीन का ऐलान बीजेपी ने किया है, वैसा ही ऐलान अपने राज्‍य के लिए वे क्‍यों नहीं कर रहे।

गौरतलब है कि बिहार में बीजेपी के वादे के बाद कई राजनीतिक पार्टियों ने इस नीति पर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने पूछा था कि क्या देश में कोविड वैक्सीन राज्यों में होने वाले चुनाव के हिसाब से मिलेगी। सरकार को देश के सामने कोविड वैक्सीन बांटने की नीति रखनी चाहिए और सभी को इसे मुफ्त में मुहैया कराया जाना चाहिए।

अभी तक तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, असम, पुडूचेरी की राज्य सरकारों ने अपने नागरिकों के लिए मुफ्त वैक्सीन का ऐलान किया है, वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूरे देश में मुफ्त वैक्सीन देने की अपील की है।

आपको बता दें कि केंद्र सरकार कोरोना वैक्सीन को बांटने की नीति पर काम करना शुरू कर चुकी है, एक अनुमान के मुताबिक सरकार ने अभी तक 50 हजार करोड़ रुपये के बजट का अनुमान लगाया है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...