देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या ने अभी भी राहत दी हुई है। दीवाली से एक दिन पहले देश में 44,684 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। वहीं 520 लोग कोरोना से मौत हो गई है। कोरोना मामले बढ़ने की ये संख्या दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है। वहीं मौत की संख्या दुनिया में छठे नंबर पर है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 87 लाख 73 हजार हो गई हैं, वहीं अब तक एक लाख 29 हजार 188 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
देश में कुल एक्टिव केस घटकर चार लाख 80 हजार पर आ गई है। पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस की संख्या में 3828 की गिरावट आई है। अच्छी खबर ये है कि अब तक कुल 81 लाख 63 हजार लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 47,992 मरीज कोरोना से ठीक हुए।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार, देश में 13 नवंबर तक कोरोना वायरस के लिए कुल 12 करोड़ 40 लाख सैंपल टेस्ट किए गए, जिनमें से 9.29 लाख सैंपल कल टेस्ट किए गए।
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना के 4,132 नए मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17,40,461 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमण के कारण राज्य में 127 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर अब 45,809 हो गई है।
अधिकारी ने बताया कि इस दौरान स्वस्थ हुए 4,543 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। राज्य में 16,09,607 लोग संक्रमण को मात दे चुके हैं। वर्तमान में 84,082 मरीज उपचाराधीन हैं।
महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में कोरोना वायरस के एक्टिव केस, मृत्यु दर और रिकवरी रेट का प्रतिशत सबसे ज्यादा है। राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
इसके साथ ही भारत में रिकवरी रेट भी लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.47 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 93 फीसदी है। 14 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मृत्य दर एक फीसदी से भी कम है।
सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का चौथा स्थान है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। रिकवरी दुनिया में सबसे ज्यादा भारत में हुई है। मौत के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत का नंबर है।